अब ममता की रैली में फेंके गए अंडे! 'चोर-चोर' के नारे भी लगे, वीडियो वायरल

Amanat Ansari 08 Jul 2026 10:31: PM 1 Mins
अब ममता की रैली में फेंके गए अंडे! 'चोर-चोर' के नारे भी लगे, वीडियो वायरल

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी की बुरईपुर रेप-मर्डर मामले के विरोध में निकाली गई रैली बुधवार को विवादों में घिर गई. रैली के दौरान उनके समर्थकों पर अंडे फेंके गए और 'चोर-चोर' के नारे लगाए गए. घटना दक्षिण कोलकाता के बालीगंज फारी से हाजरा मोड़ तक हुई, जहां वीडियो में साफ दिख रहा है कि रैली में शामिल लोगों पर अंडों से हमला किया जा रहा है.

कलकत्ता हाई कोर्ट की अनुमति के बाद TMC यूथ विंग द्वारा आयोजित इस रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ झड़प भी हुई. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. ममता बनर्जी ने रैली के बाद हाजरा क्रॉसिंग पर सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला.

ममता ने कहा, "हाई कोर्ट ने रैली की अनुमति दी थी, लेकिन भाजपा के गुंडों ने इसे रोकने की कोशिश की. पुलिस अदालत के आदेश को नजरअंदाज कर भगवा पार्टी की शाखा की तरह काम कर रही है. हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. क्या यही लोकतंत्र है?"

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उन पर नजरबंदी जैसी निगरानी रखी जा रही है और राम मंदिर के चढ़ावे में लूट करने वाले लोग भगवान राम के नाम पर अशांति फैला रहे हैं. भाजपा समर्थकों ने कहा कि TMC को इस मामले में विरोध प्रदर्शन करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार के समय महिलाओं के खिलाफ अपराधियों को बचाया जाता था और पीड़ितों को शर्मसार किया जाता था.

विधानसभा चुनाव में हार के बाद TMC नेताओं पर लगातार ऐसे विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. TMC इन्हें भाजपा की साजिश बताती है, जबकि भाजपा इसे जनता की नाराजगी करार दे रही है. वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें रैली में अंडे फेंकते और नारे लगाते दिख रहे हैं.

Mamata Banerjee West Bengal Chief Minister Trinamool Congress TMC

Recent News