डॉक्टरों पर हमला! शिवसेना कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, CCTV फुटेज ने मचाया बवाल

Amanat Ansari 08 Jul 2026 06:04: PM 1 Mins
डॉक्टरों पर हमला! शिवसेना कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, CCTV फुटेज ने मचाया बवाल

मुंबई: महाराष्ट्र के कल्याण-डोंबिवली में एक सरकारी अस्पताल में दो डॉक्टरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. शिवसेना के कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे को महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को इस घटना में गिरफ्तार कर लिया. सोमवार को डोंबिवली के एक अस्पताल में हुई इस घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चिकित्सा जगत में आक्रोश फैल गया था. डॉक्टरों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और मांग की थी कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हो.

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, एक महिला का सिजेरियन से प्रसव हुआ था. नवजात शिशु की नाल गले में दो बार लिपटी हुई थी, जिसके कारण उसे विशेष इलाज की जरूरत थी. अस्पताल का NICU भरा होने के कारण डॉक्टरों ने परिवार को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की सलाह दी. परिवार ने इसके बाद कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे से संपर्क किया.

जब डॉक्टर व्यस्त होने के कारण उनके फोन नहीं उठा पाए, तो म्हात्रे अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंच गए और दो गायनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर्स डॉ. सृष्टि बाविस्कर और डॉ. वैभव सलुंखे पर हमला कर दिया. डॉ. सलुंखे को चोटें आईं, जबकि दो नर्सों को भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा. हमले के दौरान म्हात्रे ने डॉक्टरों को गाली-गलौज भी की और जाते वक्त धमकी दी कि "बाहर निकलो, मैं तुम्हें खत्म कर दूंगा".

घटना की निंदा करते हुए ठाणे लोकसभा सांसद नरेश म्हास्के ने कहा कि शिवसेना इस घटना का समर्थन नहीं करती. उन्होंने बताया कि म्हात्रे के खिलाफ पार्टी स्तर पर शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच की और म्हात्रे को गिरफ्तार कर लिया.

Ramesh Mhatre Shiv Sena corporator Dombivli police doctor assault

Recent News