यूपी पुलिस भर्ती के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. दरअसल, कानपुर पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को दो साल में दो लाख नौकरियां देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि इस बार एक लाख नौजवान पुलिस में भर्ती किये जाएंगे, जिसमें बेटियों की भी भागीदारी होगी. 20 फीसदी बेटियां भर्ती होंगी. बता दें कि सीएम योगी ने कहा है कि ‘लाल इमली’ कांग्रेस के भ्रष्टाचार का स्मारक है, इसका पुनरुद्धार करेंगे.
उन्होंने कहा कि लाल टोपी वाले काले कारनामों के लिए जाने जाते हैं. बता दें कि कानपुर में सीएम ने युवाओं को लैपटॉप, स्मार्ट फोन और नियुक्तिपत्र बाटें हैं. हालांकि सीएम योगी के इस बयान से सियासी हलचल तेज हो गयी है. उन्होंने कहा कि सीसामऊ के पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी ने गरीब की जमीन हड़पी. दंगे की साजिश रची. इन्हीं कारनामों की वजह से विधायकी गई और अब उन्हें जेल में सज़ा भुगतनी पद रही है.
इन्हीं कारनामों की वजह से सीसामऊ में उपचुनाव हो रहा है. कानपुर वासी अब ये सीट भी जीता कर भेजेंगे. हालांकि सीएम योगी यही नहीं रुके. सीएम ने कन्नौज कांड का जिक्र करते हुए कहा कि नवाब ब्रांड ही सपा का ब्रांड है, पहचान है. सपा नेता ने बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ किया और सपा मुखिया उसका समर्थन करते दिखाई देते हैं.
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में पुलिस भर्ती चल रही है. परीक्षा में परिंदा भी पर नहीं मार सकता. अगर कोई अपराध करेगा तो उसे आजीवन कारावास भुगतना पड़ेगा और एक करोड़ का जुर्माना भी लगेगा. उनका कहना है कि पिछले सादे सात सालों में बिना सिफारिश और घूस के साढ़े छह लाख नौजवानों ने सरकारी नौकरी पाई है. आज कानपुर को जाम से मुक्ति मिल रही है. यही नहीं उन्होंने कानपूर की तरक्की के लिए सरकार के सबसे वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना को जिम्मेदारी दी है.