गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी पर कड़ा संदेश दिया. पाकिस्तान से आए विस्थापित हिंदू परिवारों और पूर्व सैनिकों को मालिकाना हक प्रमाण पत्र वितरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोस्ती की आड़ में होने वाली हिंसक घटनाएं किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकतीं.
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है. उन्होंने परिवारों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को सही संस्कार और दिशा देना अभिभावकों का कर्तव्य है. यदि कोई अपनी संतान को गलत रास्ते पर जाने से नहीं रोक पा रहा है, तो यह गंभीर चूक मानी जानी चाहिए। उन्होंने ऐसे मामलों में अभिभावकों को भी आत्ममंथन करने की जरूरत बताई.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा कानून का पालन करने वाले और शांतिप्रिय नागरिकों के साथ खड़ी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में समाज को सतर्क और जागरूक रहने की भी सलाह दी. उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब समाज के सामने बुराई और अपराध जैसी प्रवृत्तियां खड़ी हों, तब उनके खिलाफ मजबूती से खड़े होना आवश्यक हो जाता है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का भी उल्लेख किया.