मुज्जफरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच हुई मुठभेड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. मामला रामराज थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार देर शाम पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद ईनाम को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में ईनाम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि घायल अवस्था में पड़े ईनाम ने पुलिसकर्मियों से सिगरेट की मांग करते हुए कहा, साहब, एक गोल्ड फ्लैक दे दो. उसकी इस मांग पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी मुस्कुराते नजर आए। एक पुलिसकर्मी ने जवाब दिया, देते हैं... अभी एक मिनट रुक जा बस, इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच हल्का हंसी-मजाक का माहौल बन गया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था. मुठभेड़ के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.