उत्तर प्रदेश के आगरा में वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ भी नहीं हो सकता. सीएम योगी आदित्यनाथ ने हिन्दुओं से कहा कि अगर हम एकजुट और नेक रहेंगे, तो देश सशक्त रहेगा. बंटने पर कमजोर हो जाएंगे और काटे जाएंगे. मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि हमें बांग्लादेश की गलतियों से बचना चाहिए और हमें एकजुटता ही सुरक्षित रखेगी.
मुख्य योगी आदित्यनाथ ने मुगल बादशाह औरंगजेब को दुष्ट करार दिया और आगरा के साथ उसके संबंधों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इसी आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज ने औरंगजेब को चुनौती दी थी और उसे बताया था कि वह कभी भारत पर कब्जा नहीं कर पाएगा. सीएम योगी ने जोधपुर के महाराजा जसवंत सिंह और उनके सेनापति वीर दुर्गादास राठौर को याद करते हुए कहा कि औरंगजेब ने जोधपुर पर कब्जा करने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वहां वीर दुर्गादास जैसे जांबाजों के होने के कारण कभी सफल नहीं हो पाया.
इस दौरान सीएम योगी ने 5 संकल्पों को भी दोहराया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया था. मुख्यमंत्री योगी ने इस बात पर भी बल दिया कि इतिहास में वे लोग गुम हो गए जिन्होंने अंग्रेजों और मुगलों के सामने जमींदारी या पद प्राप्त करने के लिए समर्पण कर दिया. लेकिन वीर दुर्गादास राठौर का नाम आज भी राजस्थान और मध्य प्रदेश में अमर है और उनका नाम श्रद्धा और सम्मान के साथ लिया जाता है. कई स्थानों पर उनकी पूजा की जाती है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप सभी मिलकर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान करने के लिए तैयार रहें. इससे पहले उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश की हर जेल, पुलिस लाइन, थाने में भव्यता और भक्तिभाव के साथ जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जाएगा, जिस पर सवाल उठाए जा रहे हैं.