BHU caste dispute: वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में एक छात्र के बीच हुई झड़प का मामला सामने आया है, जिसमें जाति पूछने और मारपीट का आरोप लगाया गया है. घटना हिंदी विभाग में हुई. एमए द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्रा ने बताया कि जब वे क्लास के लिए विभाग पहुंचे थे, तब एक अन्य छात्र ने उनसे उनका नाम, जाति और कोर्स पूछ लिया. जब प्रशांत ने बदले में उस छात्र से उसका कोर्स पूछा, तो बात बढ़ गई.
आरोप है कि उस छात्र ने गाली-गलौज की, थप्पड़ जड़ दिया और जाति संबंधी अपशब्द भी कहे. इसके साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित छात्र प्रशांत मिश्रा ने इस घटना की शिकायत सबसे पहले विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड को दी. बाद में उन्होंने लंका पुलिस थाने में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में उन्होंने कहा कि पूरी घटना विभाग के सीसीटीवी कैमरों में कैद है. उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए रैगिंग से बचाव की भी अपील की है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी छात्र हिमांशु यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हिमांशु यादव समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष हैं और अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखते हैं. पुलिस अधिकारी एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड से प्राप्त आवेदन के आधार पर लंका थाने में FIR दर्ज की गई. आरोप मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित हैं.
उन्होंने कहा कि यह घटना आपसी बातचीत के दौरान बढ़े विवाद के रूप में सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है. इस घटना ने BHU परिसर में छात्रों की सुरक्षा और छोटे-छोटे मुद्दों पर बढ़ने वाले विवादों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़ित छात्र अपनी जान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं.