CM योगी का ऐलान- भदरसा अब बनेगा 'भारत नगर', नई नगर पंचायत का नाम 'मां ज्वाला जी'

Amanat Ansari 11 Jul 2026 04:03: AM 1 Mins
CM योगी का ऐलान- भदरसा अब बनेगा 'भारत नगर', नई नगर पंचायत का नाम 'मां ज्वाला जी'

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को मजबूत करने वाला बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि भदरसा का नाम बदलकर ‘भारत नगर’ कर दिया जाएगा, वहीं अयोध्या जिले में हाल ही में बनी खिलौनी-सुचितगंज नगर पंचायत का नाम ‘मां ज्वाला जी नगर पंचायत’ रखा जाएगा.

यह घोषणा बिकापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए की गई, जहां CM योगी ने 432 करोड़ रुपए की 217 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. खिलौनी-सुचितगंज नगर पंचायत का नाम बदलने की मांग स्थानीय BJP विधायक अमित सिंह चौहान ने की थी. CM ने इसे मंजूर करते हुए कहा, "यह अब मां ज्वाला जी नगर पंचायत के नाम से जानी जाएगी."  भदरसा को भारत नगर नाम देने का ऐलान करते हुए उन्होंने रामायण की कथा को याद किया.

कहा, "भरत ने भगवान राम की आज्ञा का पालन करते हुए 14 वर्ष भरत कुंड के पास बिताए. दुनिया में भरत जैसा भाई कहीं नहीं मिलेगा." CM योगी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भदरसा में सपा नेताओं के हालिया व्यवहार ने उनके असली चरित्र को उजागर किया है. अब यह क्षेत्र भारत नगर के नाम से अपनी नई पहचान बनाएगा.

यह नामकरण अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को और मजबूत करेगा. इससे पहले UP सरकार ने कई जगहों के नाम बदले हैं, जैसे इलाहाबाद का प्रयागराज, फैजाबाद का अयोध्या, जलालाबाद का परशुराम पुरी आदि.

कार्यक्रम में CM ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सराहना की और कहा कि सक्रिय विधायकों के प्रयास से अयोध्या जिले में विकास की रफ्तार तेज हुई है. भारी बारिश के बावजूद जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर उन्होंने इसे "अयोध्या की भावना" बताया. यह फैसला राम-भरत की भक्ति और मां ज्वाला जी की शक्ति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला माना जा रहा है.

Ayodhya Bhadarsa New Name Bharat Nagar Khiloni-Suchitaganj Panchayat

Recent News