लखनऊ: अयोध्या से आए एक युवक ने जब ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी बीमार बहन की पीड़ा बताई, तो सीएम भावुक हो गए और तुरंत कार्रवाई कर दी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए पीड़िता को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (लोहिया अस्पताल) में भर्ती करवाया.
युवक श्याम सोनकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बहन बबिता कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं. डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है. परिवार बेहद गरीब है, इसलिए इलाज में परेशानी हो रही है. सीएम योगी ने अपने आवास से ही एंबुलेंस की व्यवस्था कर पीड़िता को गोमती नगर स्थित लोहिया अस्पताल भिजवाया. डॉक्टरों की देखरेख में इलाज शुरू हो गया.
भाई की आंखों में आंसू
बहन के भर्ती होते ही श्याम सोनकर ने चैन की सांस ली. उन्होंने डॉक्टरों को बीमारी की पूरी जानकारी दी. इलाज शुरू होते ही उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने मुख्यमंत्री आवास को फोन कर धन्यवाद भी ज्ञापित किया.
सीएम योगी ने पीड़िता के परिजनों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया.
जनता दर्शन में संवेदनशीलता
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे. सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टिमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए. एक मासूम बच्ची अपनी मां के साथ आई थी. सीएम ने मां की समस्या सुनी, फिर बच्ची को दुलारा और चॉकलेट दी. बच्ची खिलखिला उठी. इस दृश्य को देख बाकी पीड़ित भी मुस्कुरा उठे.