रक्षाबंधन से पहले योगी की एक और धमाकेदार सौगात, 50 हजार छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

Amanat Ansari 26 Aug 2026 04:28 PM 1 Mins
रक्षाबंधन से पहले योगी की एक और धमाकेदार सौगात, 50 हजार छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

लखनऊ: रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी-बड़ी सौगातें घोषित की हैं. बुधवार को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ करते हुए सीएम योगी ने ऐलान किया कि स्नातक में पढ़ने वाली 50 हजार छात्राओं को अक्टूबर-नवंबर में स्कूटी दी जाएगी.

इंदिरा प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब चूल्हे से निकलकर चेक, कारोबार और टेक्नोलॉजी तक पहुंच रही हैं. सरकार का लक्ष्य है कि हर बेटी, बहन और माता आत्मनिर्भर महसूस करे.

क्या-क्या मिला महिलाओं को?

  • स्कूटी योजना: स्नातक स्तर की 50 हजार छात्राओं को अक्टूबर-नवंबर में स्कूटी मिलेगी.  
  • मुफ्त बस यात्रा: 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में फ्री यात्रा की सुविधा.  
  • रक्षाबंधन स्पेशल: 27 से 29 अगस्त तक महिलाएं एक सहकर्मी/साथ के साथ निःशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी.  
  • कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल: लखनऊ, कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और झांसी समेत कई जिलों में अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर छात्रावास बन रहे हैं. हर हॉस्टल में 500 कामकाजी महिलाओं के निःशुल्क रहने की व्यवस्था होगी.

सीएम योगी ने कहा कि यूपी में साढ़े 12 करोड़ आधी आबादी है. डबल इंजन सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर पढ़ाई, सुरक्षा, रोजगार और उसके सपनों तक का पूरा इकोसिस्टम तैयार किया है. महिला कार्यबल जो पहले महज 12 फीसदी था, अब बढ़कर 36 फीसदी हो गया है. लक्ष्य 50 फीसदी तक पहुंचाने का है.

उन्होंने बहनों से अपील की कि रक्षाबंधन पर अपने भाई के साथ-साथ सैनिकों, पूर्व सैनिकों और पुलिस जवानों को भी रक्षासूत्र बांधें, ताकि सुरक्षा का इकोसिस्टम और मजबूत हो. सीएम ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले बेटियों की सुरक्षा पर संकट था. अब मिशन शक्ति, सीसीटीवी नेटवर्क, महिला हेल्पलाइन और एआई बेस्ड सेफ सिटी सिस्टम से बेटियां बेफिक्र होकर नाइट शिफ्ट भी कर रही हैं. रक्षाबंधन के मौके पर दी गई ये सौगातें प्रदेश की महिलाओं को और मजबूत व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होंगी.

CM Yogi Yogi's Raksha Bandhan gift UP female students' scooter scheme

Recent News