नई दिल्ली/बिश्केक: किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में चल रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात की. यह बैठक अमेरिका-ईरान तनाव के बीच हुई है और दोनों नेताओं के बीच दो साल में पहली मुलाकात है. पीएम मोदी आज शाम रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मिलने वाले हैं. इसके अलावा वे किर्गिज राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स की आधिकारिक उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे.
आर्मेनिया के पीएम से भी मुलाकात
इससे पहले सुबह पीएम मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की. दोनों नेताओं ने रक्षा, आर्थिक, फार्मा, विज्ञान-तकनीक, संस्कृति और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की. पश्चिम एशिया की स्थिति सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ. पीएम मोदी ने कहा कि भारत आर्मेनिया के साथ संबंधों को और गहरा करने के लिए उत्सुक है.
ईरानी राष्ट्रपति का बयान
बिश्केक के लिए निकलने से पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा था कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी भी हमले का जवाब ताकत और पक्के इरादे से देगा. उन्होंने क्षेत्र में अस्थिरता को सभी देशों के लिए नुकसानदायक बताया और आर्थिक व सुरक्षा लक्ष्यों के लिए एकजुट होने पर जोर दिया.
उन्होंने SCO बैठक को वैश्विक स्तर पर अलग और स्वतंत्र आवाजों का प्रतीक बताया. पेजेशकियन ने कहा, “हम एक ऐसे इलाके में रहते हैं जिसकी किस्मत, इतिहास और सभ्यता हजारों साल पुरानी है. शांति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सभ्यता इसी जमीन से पैदा हुई है.”