ताशकंद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय पुरस्कार ‘ओली दाराजाली दुस्तलिक’ (Order of Oliy Darajali Dustlik) से सम्मानित किया गया. उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने रविवार को खुद अपने हाथों से यह सम्मान पीएम मोदी को प्रदान किया.
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं इस सर्वोच्च सम्मान को पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं और दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती और साझा विरासत को समर्पित करता हूं. आपकी दूरदर्शी लीडरशिप और भारत के प्रति आपकी दोस्ती से हमारे संबंध लगातार मजबूत हुए हैं. ये संबंध नई ऊंचाइयां छू रहे हैं और इसी का नतीजा है कि आज हमारे संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का नया स्तर दिया गया है.”
उन्होंने आगे कहा कि यह पुरस्कार गौरव तो लाता है, लेकिन साथ में बड़ी जिम्मेदारी भी. ताशकंद की ऐतिहासिक धरती से उन्होंने उज्बेकिस्तान के लोगों को आश्वासन दिया कि भारत अपनी जिम्मेदारियों से कभी पीछे नहीं हटेगा.
प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में आर्थिक सहयोग, यूरेनियम आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था, तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट व्यवस्थाएं, बिजनेस समिट तथा विदेश मंत्री स्तर पर समन्वय परिषद के गठन पर सहमति बनी. राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने भारत की आर्थिक प्रगति, डिजिटलीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों की सराहना की.