CJI सूर्यकांत के 'कॉकरोच' बयान पर बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी'! महुआ मोइत्रा समेत TMC सांसद भी हो गए सदस्य

Amanat Ansari 18 May 2026 08:36: PM 1 Mins
CJI सूर्यकांत के 'कॉकरोच' बयान पर बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी'! महुआ मोइत्रा समेत TMC सांसद भी हो गए सदस्य

नई दिल्ली: देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के बेरोजगार युवाओं को "कॉकरोच" बताए जाने वाले विवादित बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक अनोखी पार्टी का जन्म हो गया है. इसका नाम है, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP). कुछ युवाओं द्वारा CJI के बयान के विरोध में शुरू की गई यह पार्टी असल में चुनाव लड़ने वाली कोई वास्तविक पार्टी नहीं है, बल्कि एक पैरोडी (व्यंग्यात्मक) सोशल मीडिया अकाउंट है. फिर भी यह बेहद तेजी से वायरल हो रहा है.

24 घंटे में जबरदस्त लोकप्रियता

पार्टी के एक्स (ट्विटर) अकाउंट के लॉन्च होते ही 24 घंटे के अंदर 15,000 से ज्यादा फॉलोअर्स मिल गए. अब तक 40,000 से ज्यादा लोग इसके सदस्य बन चुके हैं. पार्टी ने अपनी बायो में लिखा है- ''बेरोजगारों की आवाज''.

TMC सांसद भी हुए शामिल

ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और पूर्व क्रिकेटर व TMC सांसद कीर्ति आजाद ने भी इस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है. महुआ मोइत्रा ने पोस्ट कर लिखा, ''मैं पहले से ही एंटी-नेशनल पार्टी की सदस्य हूं, अब CJP में भी शामिल हो रही हूं.'' पार्टी की तरफ से दोनों का स्वागत किया गया.

क्या था CJI का बयान?

पिछले सप्ताह एक याचिका की सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा ''कॉकरोच की तरह'' होते हैं, नौकरी नहीं मिलती तो वे मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला बोल देते हैं. इस टिप्पणी पर देशभर में भारी आलोचना हुई थी. बाद में CJI ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया. यह व्यंग्यात्मक पार्टी अब बेरोजगारी के मुद्दे पर युवाओं की नाराजगी और CJI के बयान का प्रतीक बन गई है. सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेजी से बढ़ रही है.

CJI Suryakant Cockroach Janata Party Suryakant Remark on Youth Mahua moitra

Recent News