बाराबंकी में शिक्षिका की पिटाई से छात्रा की हालत बिगड़ी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Global Bharat 23 Aug 2024 07:38: PM 1 Mins
बाराबंकी में शिक्षिका की पिटाई से छात्रा की हालत बिगड़ी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

निजी विद्यालयों में छात्रों के साथ विद्यालय प्रबंधन का मनमानी रवैया थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार निजी विद्यालय के अध्यापक और अध्यापिकाओं के द्वारा छात्रों के साथ मनमाना व्यवहार किया जाता है, जिसके चलते छात्रों को उसका खामियाज़ा भुगतना पड़ रहा है. ऐसा ही एक ताजा मामला सामने आया है, जहां पर एक निजी विद्यालय की शिक्षिका ने मामूली बात को लेकर कक्षा 7 की छात्रा के चेहरे पर जोरदार थप्पड़ों की बौछार कर दी, जिससे छात्रा की हालत बिगड़ गई.

परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हालत गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है. छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है. छात्रा अभी भी सदमे में है उसका इलाज लगातार डॉक्टर के द्वारा किया जा रहा है.

पूरा मामला जनपद बाराबंकी के टिकैत नगर थाना क्षेत्र की चौकी बारिन बाग अंतर्गत ग्राम नंदा का पुरवा का है, जहां के निवासी संजय कुमार पुत्र रामनरेश वर्मा ने पुलिस को बताया है कि उसकी चचेरी बहन पायल जो 14 वर्ष की है, ग्राम उदय मऊ चौराहे स्थित खंशा हाजी तुफैल अहमद इंटर कॉलेज में कक्षा 7 की छात्रा है. रोज की तरह उसकी चचेरी बहन स्कूल गई थी.

किसी बात को लेकर विद्यालय में तैनात शिक्षिका प्रवेशिका कुमारी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे छात्रा बायें गाल व कनपटी पर सूजन आ गई. बालिका ने घर पहुंच कर परिजनों से आपबीती बताई और कनपटी पर जोरदार चोट होने की बात कही. कुछ ही देर बाद बालिका बेहोश हो गई. आनन फानन में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

निजी अस्पताल में जब उसकी हालत स्थिर नहीं हुई, तो उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. परिजनों के द्वारा जब इस पूरे मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन से शिकायत की गई तो विद्यालय के प्रबंधक सलमान व अन्य स्टाफ ने परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें धक्के देकर विद्यालय से बाहर भगा दिया और जान से मारने की धमकी भी दी.

आहत होकर पीड़ित छात्रा के परिजनों ने टिकैत नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायती पत्र दिया है, जिस पर पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

Recent News