कानपुर: कानपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के 32 वर्षीय इंजीनियर बेटे की होटल के कमरे में फंदे से लटका शव मिला है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि शव को फंदे पर लटकाया गया है, जबकि पुलिस प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है. मामला किदवईनगर थाना क्षेत्र के साकेतनगर स्थित अमन पैराडाइज होटल का है.
मृतक गयास कांग्रेस नेता हाजी मो. फजल खान (कर्नलगंज, तलाक महल) का बेटा था. गयास ने पुणे से बीटेक किया था और दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था. पिछले छह महीने से वह घर से ही काम कर रहा था.
क्या हुआ था?
परिजनों के अनुसार, गयास शुक्रवार दोपहर एक महिला मित्र के साथ होटल पहुंचा. शाम करीब 7:30 बजे वह महिला को बाहर छोड़ने गया और कुछ देर बाद वापस कमरे में आ गया. देर शाम उसने ऑनलाइन खाना भी मंगवाया था. शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने मास्टर की से दरवाजा खुलवाया तो गयास का शव चादर से पंखे पर लटका मिला. परिवार का आरोप है कि शव के पैर घुटनों से मुड़े हुए थे, जो आत्महत्या में संभव नहीं लगता. मौके से शराब की बोतल और सिगरेट का पैकेट भी बरामद हुआ है. पुलिस ने होटल का DVR कब्जे में ले लिया है और महिला मित्र की तलाश शुरू कर दी है. उससे पूछताछ की जाएगी.
किदवईनगर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा. यह मामला कानपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.