मंगलवार को उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में पुलिस लाइन में सिपाही का शव कमरे में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सिपाही के कमरे से बदबू आने पर पुलिस कर्मियों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी थी. जानकारी मिली है कि सिपाही के कमरे से बदबू आने के कारण कई दिनों से पड़ोसी परेशान थे. वहीं खुलासा होने के बाद हड़कंप मच गया.
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, बदबू आने पर स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई है, जिसके बाद पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और जब गेट खोला गया तो अधिकारियों के होश उड़ गए. अंदर सिपाही की लाश पड़ी हुई थी, जिससे बदबू आ रही थी.
दावा किया जा रहा है कि कमरे के अंदर कई दिनों से सिपाही की लाश पड़ी हुई थी. घटना की सूचना मिलते ही जिले के अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ सिटी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच की. मृतक सिपाही धर्मेंद्र कुमार जनपद औऱया के गांव सलैया का रहने वाला बताया जा रहा है. वह 2011 बैच में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था.
जानकारी मिली है कि धर्मेंद्र 13 अक्टूबर 2023 को जीआरपी से तबादले पर आया था. वहीं 13 अक्टूबर 2023 को आमद कराने के बाद वह गैरहाजिर चल रहा था और पुलिस लाइन की ब्लॉक 6 के कमरा नम्बर 8 में रह रहा था.