चक्रवाती तूफान 'सेन्यार' ने दी दस्तक, 48 घंटे में मचाएगा तबाही, चार राज्यों में रेड-ऑरेंज अलर्ट

Amanat Ansari 26 Nov 2025 07:57: PM 1 Mins
चक्रवाती तूफान 'सेन्यार' ने दी दस्तक, 48 घंटे में मचाएगा तबाही, चार राज्यों में रेड-ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बन रहा गंभीर चक्रवाती तूफान 'सेन्यार' तेजी से खतरनाक रूप ले रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में यह तूफान भयंकर तबाही मचा सकता है. 70-100 किमी/घंटा तक की रफ्तार वाली हवाएं और भयंकर बारिश का दौर शुरू होने वाला है. सबसे ज्यादा खतरा तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और केरल को है. IMD का अनुमान है कि 29-30 नवंबर को यह तूफान तमिलनाडु या उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. इसके असर से 26 नवंबर से ही दक्षिण भारत में बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ मुसलाधार बारिश शुरू हो जाएगी.

बारिश का पूर्वानुमान

  • 26-27 नवंबर: कई इलाकों में मध्यम से भारी, कुछ जगहों पर अति भारी बारिश
  • 28 नवंबर: बारिश अपने चरम पर
  • 29-30 नवंबर: तूफान के लैंडफॉल के समय सबसे खतरनाक स्थिति

स्कूल-कॉलेज बंद, जनजीवन ठप

भारी बारिश और तूफान की आशंका को देखते हुए तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई जिलों में आज (26 नवंबर) और कल (27 नवंबर) को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने का ऐलान किया गया है. चेन्नई, कडलूर, विल्लुपुरम, तिरुवल्लुर, नागपट्टिनम, मयिलादुतुरई, तंजावुर, तिरुवारुर सहित तटीय और निचले इलाकों में पूरी तरह अलर्ट है.

IMD ने मछुआरों से 29 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी है. दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊंची लहरें और खतरनाक स्थिति बन रही है. तूफान अभी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और तेजी से शक्ति बटोर रहा है. अगले 24-48 घंटे दक्षिण भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. प्रशासन ने तटीय इलाकों में राहत शिविर तैयार कर लिए हैं. NDRF और SDRF की टीमें अलर्ट पर हैं. मौसम विभाग की हर अपडेट पर नजर रखें और सुरक्षित रहें!

Cyclone Senyar IMD Rain Wind speed Indonesia

Recent News