हापुड़ में दलित युवती के साथ रेप, पंचायत में ढाई लाख देकर चुप रहने के लिए कहा, फिर वीडियो किया वायरल, 2 साल बाद दर्ज हो सकी FIR

Amanat Ansari 08 Mar 2025 03:09: PM 2 Mins
हापुड़ में दलित युवती के साथ रेप, पंचायत में ढाई लाख देकर चुप रहने के लिए कहा, फिर वीडियो किया वायरल, 2 साल बाद दर्ज हो सकी FIR

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक 21 वर्षीय दलित युवती के साथ रेप का मामला सामने आया है. रेप का आरोप एक स्थानीय दबंग व्यक्ति पर लगा है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगस्त 2023 में आरोपी ने उसके साथ रेप किया और मामले को रफा-दफा करने करने के लिए उसे ढाई लाख रुपए देकर चुप रहने के लिए कहा गया. यह पंचायत कराकर किया गया. बदनामी से बचने के लिए पीड़िता का परिवार कहीं और जाकर बस गया और वहीं से पीड़िता की शादी तय करा दी गई, लेकिन आरोपी ने पीड़िता के मंगेतर को रेप का वीडियो भेज दिया, जिससे उसकी शादी टूट गई.

यह भी पढ़ें: Karnataka lake horror: इजरायली पर्यटक सहित दो महिलाओं से 'गैंगरेप', तीन पुरुष साथियों को नहर में फेंका, एक की हो गई मौत

इतना ही नहीं आरोपी ने मुआवजे के तौर पर दिए पैसे भी वापस मांगे. आरोपी बार-बार पीड़िता और उसके परिवार को धमकी भी दे रहा था, जिससे परेशान होकर पीड़िता के पिता ने हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह से शिकायत की और एसपी के संज्ञान लेने के बाद करीब 2 साल बाद प्राथमिकी दर्ज हो सकी.

शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि मेरी बेटी के साथ आरोपी ने गलत काम किया. हमने पंचायत बुलाई तो वहां समझौते के तौर पर ढाई लाख रुपए देकर चुप रहने के लिए कहा गया, जिसके हम गांव छोड़कर चले गए. हमने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह तय की तो आरोपी ने हम लोगों को धमकी दी और रेप का वीडियो उसके मंगेतर के पास भेज दिया, जिसके बाद मेरी बेटी की शादी टूट गई.

पीड़िता के पिता ने कहा कि अब हमलोग क्या करें कुछ समझ में नहीं आ रहा है. पीड़ित परिवार की तरफ से आरोप लगाया गया है कि आरोपी के परिवार ने पीड़िता के मां के साथ भी बदसलूकी की और उसके कपड़े फाड़ दिए. पीड़िता की मां ने कहा कि आरोपी परिवार के साथ मिलकर उनसे पैसे मांगने आए, लेकिन हमने मना किया तो बदतमीजी पर उतारू हो गए. विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए.

इस मामले को लेकर हाफिजपुर के एसएचओ ने कहा कि पहले घटना को लेकर कोई शिकायत नहीं की गई थी. अब एक लिखित शिकायत मिली है, जिसफर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि आरोपी पांच लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (रेप), 354 (छेड़छाड़) और 506 (धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच के लिए टीमें गठित की गई है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

Hapur Hapur rape Dalit girl rape Hapur news

Recent News