Up News : बलिया में गंगा कटान के मुद्दे पर उस समय माहौल गरमा गया, जब उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री और सदर विधायक दयाशंकर सिंह अपनी विधानसभा क्षेत्र के शिवपुर दीयर बयासी पहुंचे. वर्षों से कटान और बाढ़ की मार झेल रहे ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने मंत्री को घेर लिया और सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित गारंटी की मांग पर अड़ गईं.
बलिया के शिवपुर दीयर इलाके में गंगा कटान लगातार गांवों, खेतों और लोगों की आजीविका को निगल रही है. इसी समस्या को लेकर ग्रामीण कई दिनों से धरने पर बैठे हैं. रविवार को जब परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह धरनास्थल पर पहुंचे तो महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा.
महिलाओं ने मंत्री से सीधे सवाल किया कि हर साल बरसात से पहले कटान रोकने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं.
लोगों ने कहा कि अब मौखिक आश्वासन नहीं चलेगा, सरकार लिखित में बताए कि कटान रोकने के लिए कब, क्या और कैसे काम होगा. मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाने की कोशिश की और कहा कि सरकार समस्या के समाधान के लिए गंभीर है, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं लिखित आश्वासन की मांग पर अड़ी रहीं.
माहौल लगातार गर्माता देख मंत्री कुछ देर बाद वहां से रवाना हो गए. इस दौरान मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा. घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. गौरतलब है कि सरयू और गंगा के कटान से बलिया के कई गांव हर साल प्रभावित होते हैं.
कई परिवारों को पलायन तक करना पड़ता है और खेती योग्य जमीन भी नदी में समा जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं होने से हर मानसून में यही संकट दोहराया जाता है. फिलहाल लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक ठोस और लिखित कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा.