Accident in Badaun: उत्तर प्रदेश में अभी मुसलाधार बारिश हो रही है. यूपी के कई जिले बाढ़ की चपेट में है और दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच बदायूं से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सूत्रों से जानकारी मिली है कि यहां पर तालाब की दल-दल में फंस कर एक व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक अपनी भैंस को बचाने के लिए तालाब में कूदा था.
उत्तर प्रदेश के बदायूं में हैरान करने वाला पशु चरवाहे की मौत का हादसा सामने आया है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है. दरअसल, हादसा जनपद के उझानी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा कछला में हुआ है. यहां वार्ड नंबर 6 का रहने वाला पशु चरवाहे लाखन पुत्र नारायणनाथ बीती शाम अपने पशुओं को चरा रहा था कि इस दौरान लाखन की एक भैंस अचानक से गंदे पानी और दल-दल भरे तालाब में जा घुसी.
काफी कोशिश के बावजूद जब लाखन की भैंस तालाब से बाहर नही आई, तब चरवाहे लाखन ने बिना देर किए भैंस को तालाब से बाहर निकालने के लिए तालाब में छलांग लगा दी. भैंस को बचाने तालाब में कूदा चरवाहा लाखन तालाब के दल-दल में फंस गया. तमाम कोशिश के बाबजूद भी लाखन तालाब के दल-दल से बाहर नही निकल पाया और उसकी मौत हो गई.
मृतक लाखन के परिजनों के मुताबिक, जब मृतक लाखन देरशाम तक घर नही पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इस दौरान लाखन को तालाब में पड़ा देखा. कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों ने तालाब के दल-दल से लाखन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी यानि की लाखन की तालाब के दल-दल में फंसकर मौत हो चुकी थी. लाखन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
हादसे की सूचना के बाद कछला पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि तालाब के दल-दल में फंसकर लाखन की मौत की सूचना मिली थी. शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद पता चलेगी, जिसके आधार पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी.