नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पाकिस्तान से संबंध रखने और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है. आरोपी की पहचान शेख इमरान के रूप में हुई है. वह भुवनेश्वर के यूनिट-6 इलाके का रहने वाला है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच की टीम ने एक विशेष अभियान चलाकर उसे हिरासत में लिया.
सूत्रों के अनुसार, पुलिस कुछ समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. जांच के दौरान पता चला कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके भारत विरोधी प्रचार फैला रहा था. उसके कट्टरपंथी संगठनों और चरमपंथी तत्वों से संपर्क होने का भी संदेह है. पुलिस को जानकारी दिल्ली में पकड़े गए कुछ युवकों से मिली थी. जब दिल्ली पुलिस ने इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय एक संदिग्ध ग्रुप को पकड़ा, तो पूछताछ में ओडिशा तक का कनेक्शन सामने आया.
10 अप्रैल को दिल्ली पुलिस की टीम भुवनेश्वर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से जॉइंट ऑपरेशन किया. आरोपी को उसके घर से उठाया गया और आगे की जांच के लिए दिल्ली ले जाया गया है. शुरुआती पूछताछ में पता चला कि इमरान बेरोजगार युवक है और वह बंद व्हाट्सएप तथा सिग्नल ग्रुप्स के जरिए कट्टरपंथी और देश विरोधी सामग्री शेयर करता था.
इन ग्रुप्स में धार्मिक आधार पर उग्र सामग्री प्रसारित की जा रही थी, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी के नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और क्या पाकिस्तान से कोई प्रत्यक्ष संपर्क था. इस मामले ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश विरोधी तत्वों के सक्रिय होने की चिंता को और बढ़ा दिया है. सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही हैं. जल्द ही इस मामले में और भी खुलासा होने के संकेत मिले हैं.