नई दिल्ली: दिल्ली में आंदोलन के नाम पर उपद्रव करने वालों पर दिल्ली पुलिस ने बड़े एक्शन की तैयारी कर ली है, सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि जो भी लोग हंगामा मचाने में शामिल थे, उन सबके खिलाफ बड़ी कार्रवाई होगी। इन लोगों में अभिजीद दिपके से लेकर कई अन्य राज्यों से आए युवकों को भी चिन्हित किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान जो भी व्यक्ति हिंसा, पथराव या दंगा करता हुआ पकड़ा जाएगा या चिह्नित होगा, उसके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई तो की ही जाएगी, साथ ही उसका पासपोर्ट रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पुलिस विदेश मंत्रालय (MEA) से संपर्क कर ऐसे तत्वों के पासपोर्ट रद्द या ब्लैकलिस्ट कराएगी।
पुलिस का कहना है कि दंगे और हिंसा में शामिल आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद उनके चरित्र सत्यापन (Police Verification) में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। इससे भविष्य में सरकारी नौकरी, पासपोर्ट आवेदन या वीजा प्रक्रिया में गंभीर अड़चनें आएंगी।
संसद सत्र के दौरान सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए विजय चौक, जंतर-मंतर और नई दिल्ली इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया वीडियो के जरिए हिंसा में शामिल उपद्रवियों का डेटा जुटा रही है और अब तक कई एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं