नई दिल्ली: दिल्ली में एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. दक्षिण-पूर्व दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में बुधवार सुबह यह घटना हुई. युवती का शव उसके घर में मिला. पुलिस के अनुसार, लड़की के साथ यौन शोषण भी किया गया था. उसके बाद मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई. पुलिस की प्राथमिक जांच में संदेह एक पूर्व घरेलू नौकर पर जा रहा है.
बताया गया है कि इस नौकर को लगभग डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था. पुलिस को शक है कि वह बदले की भावना से यह जघन्य अपराध कर सकता है. यह व्यक्ति राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के समय युवती के माता-पिता सुबह जिम जाने के लिए घर से बाहर गए हुए थे. लड़की इंजीनियरिंग पास थी और फिलहाल UPSC की तैयारी कर रही थी.
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और कई टीमें संदिग्ध की तलाश में लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. यह घटना राजधानी में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है. पुलिस मामले के तह तक जाने की कोशिश कर रही है.