नई दिल्ली: परिसीमन बिल को पास कराना केंद्र सरकार के लिए आसान नहीं होगा। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि यदि इसके लिए संविधान संशोधन की जरूरत पड़ती है, तो सरकार को संसद में सामान्य बहुमत के बजाय विशेष बहुमत जुटाना होगा।
संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत संशोधन विधेयक पास कराने के लिए दो शर्तें पूरी करनी होती हैं। पहली, सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत और दूसरी, सदन में उपस्थित एवं मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई वोट। यानी 360 सांसदों का आंकड़ा हर परिस्थिति में अनिवार्य नहीं है। यह उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या पर भी निर्भर करेगा।
जानकारी के मुताबिक, लोकसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और उसके सहयोगी दलों की संख्या 304 बताई गई है। सरकार को संभावित समर्थन देने वाली तीन पार्टियों और गुटों में डीएमके के 22 सांसद, तृणमूल कांग्रेस के बागी 20 सांसद और शरद पवार गुट की एनसीपी के 8 सांसद शामिल हैं। इनका समर्थन मिलने पर सरकार के पक्ष में आंकड़ा 354 तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।
सबसे अहम बात यह है कि आगामी विशेष सत्र में दो सांसदों के अनुपस्थित रहने की संभावना जताई गई है। इनमें जेल में बंद अमृतपाल सिंह और निलंबित टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी शामिल हैं। तीन सीटें पहले से रिक्त हैं। इस स्थिति में सदन में 538 सांसदों की मौजूदगी की संभावना के आधार पर दो-तिहाई का आंकड़ा 359 बैठता है। यानी 356 के अनुमानित समर्थन के बावजूद सरकार तीन सांसद पीछे रह सकती है।
परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन को केवल लोकसभा में पास कराना पर्याप्त नहीं होगा। इसे राज्यसभा में भी विशेष बहुमत से पारित कराना पड़ेगा। इसके अलावा, यदि संशोधन राज्यों के संसद में प्रतिनिधित्व से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों में बदलाव करता है, तो कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं से मंजूरी भी आवश्यक होगी। इसलिए डीएमके, टीएमसी के बागी सांसदों और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के संभावित समर्थन के बावजूद सरकार के सामने संख्या जुटाने की चुनौती बनी हुई है। अब सबकी नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र पर है।