पहाड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी, सिकंदर दरगाह में विशेष नमाज, तिरुप्परनकुंद्रम में बढ़ी हलचल, केरल से पहुंचे मुस्लिम

Mukesh Kumar 28 Nov 2026 01:44 PM 1 Mins
पहाड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी, सिकंदर दरगाह में विशेष नमाज, तिरुप्परनकुंद्रम में बढ़ी हलचल, केरल से पहुंचे मुस्लिम

मदुरै : तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच शनिवार को धार्मिक गतिविधियां तेज हो गईं। सुप्रीम कोर्ट के दीप जलाने के आदेश के बाद पहाड़ी पर एक ओर दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियां शुरू हुईं, तो दूसरी ओर सिकंदर दरगाह में भी मुस्लिम श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी। केरल से आए जायरीनों ने दरगाह में विशेष नमाज अदा की।

जानकारी के मुताबिक, 28 नवंबर की सुबह करीब 6:15 बजे से ही सिकंदर दरगाह की ओर जाने वाले रास्ते पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। स्थानीय लोगों के साथ केरल से आए मुस्लिम श्रद्धालु भी दरगाह पहुंचे। सुबह 100 से अधिक लोगों ने वहां नमाज अदा की। दरगाह में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

दरअसल, तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपाथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए 28 नवंबर को दीपाथून पर पारंपरिक दीप जलाने का निर्देश दिया। अदालत ने अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने और सुरक्षा के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनाती करने को कहा।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार दीप जलाने की जगह सिकंदर दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर है। अदालत ने दरगाह में नमाज और अन्य धार्मिक गतिविधियों में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करने की भी बात कही।

शनिवार को पहाड़ी पर CRPF और स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहे। एक तरफ कार्तिगई दीपम के तहत दीप प्रज्ज्वलन को लेकर गतिविधियां जारी रहीं, वहीं दूसरी तरफ सिकंदर दरगाह में नमाज के लिए श्रद्धालु पहुंचे।

दीप जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश और उसी दिन दरगाह में उमड़ी भीड़ के कारण तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी एक बार फिर देशभर में चर्चा का विषय बन गई है। प्रशासन के सामने दोनों धार्मिक स्थलों की परंपराओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है।

Thiruparankundram Hill Karthigai Deepam Controversy Supreme Court Order Sikandar Dargah CRPF Security

Recent News