कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मान्यता प्राप्त मदरसों की साप्ताहिक छुट्टी को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब राज्य के मदरसों में शुक्रवार यानी जुमे के दिन नियमित साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलेगा। पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार की छुट्टी समाप्त करते हुए रविवार को सप्ताह का एकमात्र साप्ताहिक अवकाश घोषित किया है। इस फैसले के बाद शुक्रवार को भी मदरसों में नियमित पढ़ाई और प्रशासनिक कामकाज करना अनिवार्य होगा।
बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना में राज्य के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों के प्रमुखों को नए निर्देश का तत्काल प्रभाव से पालन करने को कहा गया है। 28 नवंबर को यह सूचना बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित की गई। निर्देश के मुताबिक, सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को शैक्षणिक वर्ष 2026 के निर्धारित अकादमिक कैलेंडर के अनुसार संचालित किया जाएगा।
मदरसा शिक्षा बोर्ड ने अपने आदेश में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 25 और 24 दिसंबर 2025 को जारी बोर्ड की पिछली अधिसूचना का हवाला दिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रविवार के अलावा सप्ताह के किसी अन्य कार्यदिवस को नियमित साप्ताहिक छुट्टी के रूप में नहीं रखा जा सकेगा।
दरअसल, पश्चिम बंगाल के कई मदरसों में लंबे समय से शुक्रवार को साप्ताहिक छुट्टी रखने की परंपरा रही है। इसकी प्रमुख वजह जुमे की नमाज में शिक्षकों और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करना थी। कुछ मदरसों में शुक्रवार को छुट्टी रखी जाती थी और उसकी भरपाई के लिए रविवार को कक्षाएं संचालित होती थीं। हालांकि, राज्य के अधिकांश सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों में पहले से ही रविवार को छुट्टी रहती थी। शुक्रवार को अवकाश रखने वाले मदरसों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए निर्देश का असर धार्मिक त्योहारों, राष्ट्रीय आयोजनों और सरकार या सक्षम प्राधिकरण की ओर से घोषित विशेष छुट्टियों पर नहीं पड़ेगा। ऐसी छुट्टियां पहले की तरह लागू रहेंगी। यानी शुक्रवार की नियमित साप्ताहिक छुट्टी खत्म की गई है, धार्मिक त्योहारों की छुट्टियां नहीं।