दक्षिण भारत से मोदी सरकार को बड़ी ताकत! परिसीमन बिल पर बीआरएस का समर्थन, विपक्ष को झटका

Global Bharat 28 Nov 2026 11:10 PM 1 Mins
दक्षिण भारत से मोदी सरकार को बड़ी ताकत! परिसीमन बिल पर बीआरएस का समर्थन, विपक्ष को झटका

दिल्ली : परिसीमन बिल को लेकर संसद में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। अब तेलंगाना की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने भी केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के इस फैसले से राज्यसभा में सरकार के पक्ष में तीन अतिरिक्त सांसदों का समर्थन मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव (KTR) ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि परिसीमन को लेकर BRS का रुख शुरू से स्पष्ट रहा है। दक्षिण भारत के राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व कम नहीं होना चाहिए और तेलंगाना के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

केटीआर के मुताबिक, पार्टी लगातार मांग करती रही है कि संसद में दक्षिण भारत की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रखी जाए। केंद्र के नए प्रस्ताव में 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व के अनुपात को नहीं बदलने का प्रावधान उनकी प्रमुख चिंता का समाधान करता है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की योजना है। इससे तेलंगाना में लोकसभा की सीटें मौजूदा 17 से बढ़कर 26 हो सकती हैं।

केटीआर ने साफ कहा कि तेलंगाना के हितों को सर्वोपरि रखते हुए बीआरएस के तीनों राज्यसभा सांसद इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने महिला आरक्षण का भी समर्थन करते हुए कहा कि उनकी पार्टी इसके क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि बीआरएस के लोकसभा में फिलहाल कोई सांसद नहीं हैं, जबकि राज्यसभा में उसके तीन सदस्य हैं। ऐसे में पार्टी का समर्थन सरकार के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। ऐसे में परिसीमन बिल को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थन और विरोध के बीच बीआरएस का यह फैसला केंद्र सरकार के लिए अहम माना जा रहा है।

BRS Delimitation Bill KTR Modi Government Rajya Sabha MPs

Description of the author

Recent News