परिसीमन पर मायावती का बड़ा बयान, दलित-आदिवासी महिलाओं के लिए मांगा अलग हिस्सा

Mukesh Kumar 28 Nov 2026 11:52 AM 1 Mins
परिसीमन पर मायावती का बड़ा बयान, दलित-आदिवासी महिलाओं के लिए मांगा अलग हिस्सा

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने इस आरक्षण के भीतर अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग उठाकर महिला प्रतिनिधित्व की बहस को नया राजनीतिक मुद्दा बना दिया है।

मायावती ने शनिवार, 28 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी शुरू से ही सभी वर्गों की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उन्हें उचित अवसर दिए जाने की पक्षधर रही है। पार्टी लगातार मांग करती रही है कि लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द से जल्द लागू किया जाए। उन्होंने केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत किया।

बसपा प्रमुख ने कहा कि यह फैसला और भी ऐतिहासिक होता, यदि सदियों से शोषण, पीड़ा और उपेक्षा का सामना कर रही एससी और एसटी समाज की महिलाओं के लिए इसी आरक्षण में अलग से कोटे की व्यवस्था की जाती। उनके मुताबिक, इससे इन वर्गों की महिलाओं को जातिवाद, धनबल और बाहुबल से प्रभावित चुनावी राजनीति में उचित भागीदारी का अवसर मिलता। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की और इसे न्यायपूर्ण कदम बताया।

मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और परिसीमन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधे जा सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई बार देशहित से ज्यादा पार्टी हित को प्राथमिकता देती हैं। साथ ही जनता से धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर अच्छे उम्मीदवारों को चुनने की अपील की।

Mayawati Women Reservation 33 Percent Reservation SC-ST Women Quota BSP

Recent News