सीतापुर : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की चर्चाओं के बीच कांग्रेस के भीतर ही सियासी घमासान तेज हो गया है। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के कामकाज और रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके बयान से प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को अहंकारी बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी में महत्वपूर्ण फैसले लेने से पहले किसी से राय नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान भी बिना व्यापक विचार-विमर्श और पार्टी नेताओं की सहमति के कर दिया गया। उनका कहना है कि इस तरह के फैसले संगठनात्मक एकजुटता के बजाय भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं।
राठौर ने पार्टी की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कांग्रेस में केवल बयानबाजी हो रही है, जबकि जमीनी स्तर पर सभी नेताओं को साथ लेकर रणनीति बनाने की जरूरत है। सुबह-शाम होने वाली बयानबाजी से पार्टी अपने वास्तविक लक्ष्य से दूर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी नेताओं और सहयोगी दलों को साथ लेकर सामूहिक रूप से निर्णय किए जाने चाहिए। राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी जिन विचारों और राजनीतिक मूल्यों की बात करते हैं, पार्टी के भीतर हो रही गतिविधियां उन पर पलीता लगाने का काम कर रही हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच संभावित सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। ऐसे समय में कांग्रेस के एक सांसद का प्रदेश प्रभारी के खिलाफ खुलकर सामने आना पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है।
अब सवाल यह है कि सपा के साथ सीटों पर सहमति बनाने से पहले कांग्रेस अपने ही संगठन में उठ रहे विरोध के सुरों को कैसे शांत करेगी? क्या प्रदेश नेतृत्व सभी नेताओं को एक मंच पर लाकर चुनावी रणनीति तैयार कर पाएगा या सीटों के समझौते से पहले ही पार्टी की अंदरूनी कलह और गहराएगी।