पीओके पर भारत का महाप्लान! पाकिस्तान का कब्जा हटते ही चुनाव आयोग करेगा बड़ा खेल

Mukesh Kumar 28 Nov 2026 10:28 PM 1 Mins
पीओके पर भारत का महाप्लान! पाकिस्तान का कब्जा हटते ही चुनाव आयोग करेगा बड़ा खेल

नई दिल्ली : केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 में पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल किया गया है। इस प्रावधान के जरिए भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के भविष्य को लेकर अपना संवैधानिक और राजनीतिक रुख एक बार फिर स्पष्ट किया है। खास बात यह है कि पाकिस्तान का कब्जा समाप्त होने की स्थिति में वहां विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन कराने की जिम्मेदारी सीधे भारत के चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी।

विधेयक की धारा 3(4) में स्पष्ट प्रावधान किया गया है कि जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जिस क्षेत्र पर फिलहाल पाकिस्तान का कब्जा है, वहां कब्जा समाप्त होने के बाद चुनाव आयोग परिसीमन आयोग की भूमिका निभाएगा। यानी उस क्षेत्र में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण और उनकी सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग के पास होगी।

दरअसल, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 के तहत पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के लिए विधानसभा की 24 सीटें निर्धारित हैं। ये सीटें फिलहाल खाली रखी गई हैं। इन पर चुनाव नहीं कराया जाता और विधानसभा की कुल सदस्य संख्या निर्धारित करते समय भी इन्हें शामिल नहीं किया जाता। मौजूदा जम्मू-कश्मीर विधानसभा में 90 निर्वाचित सीटें हैं।

इस प्रावधान का राजनीतिक और संवैधानिक महत्व काफी बड़ा है। भारत लगातार पूरे जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न अंग मानता रहा है। ऐसे में विधेयक में पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र के लिए भविष्य में परिसीमन की व्यवस्था करना इसी आधिकारिक रुख को कानूनी ढांचे में आगे बढ़ाने का संकेत है।

हालांकि, यह प्रावधान तत्काल लागू नहीं होगा। इसकी शर्त स्पष्ट है कि संबंधित क्षेत्र पाकिस्तान के कब्जे से मुक्त होना चाहिए। इसके अलावा विधेयक में पीओके की लोकसभा सीटों के परिसीमन का अलग से उल्लेख नहीं है। यानी फिलहाल यह सिर्फ भविष्य की संवैधानिक व्यवस्था है, लेकिन इसके जरिए सरकार ने साफ संदेश दिया है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत अपना दावा नहीं छोड़ रहा है।

Delimitation Bill Pakistan Occupied Kashmir PoJK Election Commission Jammu and Kashmir Delimitation

Recent News