सीएम योगी का सपा पर हमला, कहा- जो कल तक चोर थे आज दरोगा बनने का कर रहे ढोंग

Mukesh Kumar 28 Nov 2026 09:19 PM 7 Mins
सीएम योगी का सपा पर हमला, कहा- जो कल तक चोर थे आज दरोगा बनने का कर रहे ढोंग

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। एक निजी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि संविधान व आरक्षण को लेकर अफवाह फैलाने वाले तथा चुनाव के बाद खटाखट-खटाखट का वादा करने वालों को अब यूपी की जनता 'सफाचट-सफाचट' करने के लिए तैयार है। जो कल तक चोर था, आज दरोगा बनने का ढोंग करे तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस व सपा के बीच शह-मात का खेल चल रहा है। पूरा कुनबा बिखरने वाला है, इसी भय से जल्दबाजी में प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार का वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये था, वे चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं कर रहे हैं, आखिर इसके लिए पैसे कहां से लाएंगे?

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है। यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सपा-बसपा के सात कार्यकालों के मुकाबले हमारी सरकार ने दोगुने से अधिक नौकरियां दी हैं। हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देकर बेरोजगार नहीं बनाना चाहते, बल्कि रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं। गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने केवल राम मंदिर का निर्माण ही नहीं किया, बल्कि रामराज्य की परिकल्पना को भी साकार करके दिखाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव की अपनी रणनीति होती है। भारत विरोधी ताकतों ने एकजुट होकर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया था। तमाम एनजीओ की मदद से संविधान और आरक्षण समेत विभिन्न मुद्दों पर जनता के बीच अफवाहें फैलाई गईं। चुनाव के बाद 'खटाखट-खटाखट' करने की बात कहने वालों को अब जनता आगामी चुनावों में 'सफाचट-सफाचट' करने के लिए तैयार है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी या इंडी गठबंधन, जिन लोगों ने गलतबयानी की थी, उन सभी को जवाब देने के लिए देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश तैयार है।

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की बात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भी चाहते हैं कि वह हमारी पिच पर आकर खेलें। दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है। हम चाहते हैं कि जनता के बीच जाने से पहले ही वह हमारी पिच पर आएं, इससे उन्हें डुबोने में और मदद मिलेगी। जिस राम मंदिर आंदोलन का उन्होंने विरोध किया, रामभक्तों पर गोलियां और लाठियां चलवाईं, फर्जी मुकदमे दर्ज कराए, आज उसी अयोध्या में लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। जिस अयोध्या के अस्तित्व पर वह प्रश्न खड़ा करते थे और दावा करते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वहां जाने पर स्वाभाविक रूप से सवाल उठेंगे। मुझे प्रसन्नता है कि अखिलेश अयोध्या जा रहे हैं, लेकिन उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए।

अखिलेश यादव के गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीट जीतने के दावे पर सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का अपना इतिहास है। बुलडोजर की सवारी करने का प्रयास करने वाले भूल गए कि उसका स्टेयरिंग हर कोई नहीं संभाल सकता। इसके लिए इच्छाशक्ति और संकल्प चाहिए। सपा सरकार में भी हम गोरखपुर में चुनाव जीतते थे और उनके प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराते थे। वर्ष 2017, 2022 और 2024 में भी गोरखपुर में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत हासिल की। गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है। प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा और उसके गठबंधन के पक्ष में परिणाम आएंगे।

सपा के पीडीए विस्तार और जातीय समीकरणों की रणनीति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर दल को अपनी रणनीति बनाने की स्वतंत्रता है, लेकिन राजनीति विश्वसनीयता की होती है। इस कसौटी पर सपा व इंडी गठबंधन कैसे खरे उतरेंगे? दस वर्ष पहले यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। गरीब भूख से मरते थे, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां व व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। सपा के हर आयोजन में उपद्रव होता है। अराजकता, तोड़फोड़, लूटपाट, कब्जा और कर्फ्यू उनके डीएनए का हिस्सा है। प्रदेश के युवा, महिलाएं, किसान और व्यापारी दोबारा अराजकता, गुंडागर्दी, कर्फ्यू और दंगों का दौर नहीं आने देंगे।

पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, जेन-जी व जेन-अल्फा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पीढ़ी के माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी समेत उनके परिवार के वरिष्ठ सदस्यों ने अराजकता का दौर झेला है। अतीत को भुलाकर बेहतर भविष्य का निर्माण नहीं किया जा सकता। हमें देखना होगा कि पिछले दस वर्षों में हमारी सरकार ने क्या किया, चार बार की सरकार में सपा ने क्या किया, तीन बार की सरकार में बसपा ने क्या किया और आजादी के बाद लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस ने क्या किया।

सीएम योगी ने कहा कि करीब 26 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में देश के सर्वाधिक युवा और छात्र हैं। इसके बावजूद यहां जेन-जी, जेन-अल्फा, छात्रों या किसानों का कोई आंदोलन नहीं दिखा। सरकार की नीतियों से असहमति होती तो लोग सड़कों पर उतरते। इंडी गठबंधन, सपा और कांग्रेस ने इसके लिए तमाम प्रयास किए, लेकिन दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंककर पीता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कल तक चोर था, आज दरोगा बनने का ढोंग करे तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस और सपा अपने दागदार अतीत को छिपाकर जनता को भरमा नहीं सकतीं। इन लोगों ने नौजवानों के रोजगार पर डकैती डाली, शिक्षा और स्वास्थ्य के ढांचे को नष्ट किया और असीम संभावनाओं वाले उत्तर प्रदेश की क्षमता को बर्बाद किया। प्रदेश की जनता दोबारा ऐसी अराजकता स्वीकार नहीं करेगी। यहां न किसानों का आंदोलन है, न श्रमिकों, युवाओं और छात्रों का। जब आंदोलन और असंतोष नहीं है तो मतदान पर उसका प्रभाव पड़ने की भी कोई गुंजाइश नहीं है।

सपा के घोषणा पत्र में बेरोजगारी भत्ता और 25 लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। सत्ता में रहते हुए उन्होंने अपने वादे पूरे नहीं किए। वर्ष 2012 में भी बेरोजगारी भत्ते की बात कही थी। बताएं कितने बेरोजगारों को भत्ता और नौकरी दी, कितनी बेटियों को सुरक्षा दी? घोषणाएं तो कर दीं, लेकिन राजस्व का स्रोत नहीं बताया। सपा सरकार का वार्षिक बजट मात्र तीन लाख करोड़ रुपये था, जबकि चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं कर रहे हैं। बताना चाहिए कि पैसा कहां से लाएंगे। जनता को ऐसे झूठे सब्जबाग क्यों दिखा रहे हैं, जिन्हें कभी पूरा नहीं कर पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यूपी के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देकर बेरोजगार नहीं बनाना चाहते, बल्कि रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि युवा उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप का नेतृत्व करें। हम उन्हें जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनाना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यूपी में मात्र 120 स्टार्टअप थे। आज प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं। उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा की सात बार सरकार रही। दोनों सरकारों ने मिलकर जितनी नौकरियां दीं, उससे दोगुने से अधिक नौकरियां हमने पिछले साढ़े नौ वर्ष में दी हैं। अपने हाथों से नौजवानों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं और युवाओं के लिए रोजगार के तमाम अवसर सृजित किए हैं।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2016 में सपा सरकार के दौरान यूपी में इन्वेस्टर्स समिट होना था, लेकिन देश का एक भी निवेशक यूपी आने को तैयार नहीं था। तत्कालीन सरकार को दिल्ली में इन्वेस्टर्स समिट कराना पड़ा था। आज यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में सफलता मिली है। इसके माध्यम से 65 लाख से अधिक नौजवानों को सीधे रोजगार की गारंटी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय देश की अर्थव्यवस्था में यूपी की हिस्सेदारी 14 फीसदी थी और प्रदेश सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल था। वर्ष 2017 में हमारी सरकार आने तक यह हिस्सेदारी घटकर मात्र सात फीसदी रह गई थी। यूपी बीमारू राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो गया था। हमारी सरकार ने इसी ताकत को पुनर्जीवित किया है। आज यूपी में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे सवा तीन करोड़ लोगों को सीधे रोजगार मिला है। सपा, बसपा और कांग्रेस के पास न विजन था, न इच्छाशक्ति।
पलहड़ड़
सीएम योगी ने कहा कि लैंड बैंक, बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षा का माहौल निवेशकों की प्राथमिकता होती है। सरकार बनने के समय प्रदेश की छवि, कानून व्यवस्था, नीतिगत गतिरोध और कनेक्टिविटी की चुनौतियां थीं। अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। आज यूपी की कानून व्यवस्था देश में नजीर है। नीतिगत स्तर पर पिक एंड चूज की व्यवस्था समाप्त कर 36 सेक्टोरल पॉलिसी बनाई गईं। पूर्वांचल व बुंदेलखंड जैसे आकांक्षी क्षेत्रों में अधिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है। लैंड बैंक तैयार करने के साथ कनेक्टिविटी भी बेहतर की गई है।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर् समिट में सभी 75 जनपदों के लिए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। नोएडा, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ आज भी बेहतर औद्योगिक इकोसिस्टम के कारण निवेशकों की प्राथमिकता में हैं। अकेले गोरखपुर में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें करीब 35 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले जिस प्रदेश में कट्टे औ बम बनते थे, आज वहां दुनिया की सबसे अच्छी राइ और ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण हो रहा है। सपा की सोच कट्टे-बम तक ही सीमित थी। उनके गुर्गे लूटपाट करते थे। हमारी सरकार ने कट्टे-बम की संस्कृति पर रोक लगाई। बुंदेलखंड के झांसी में बीडीएल का केंद्र स्थापित हो रहा है। इसी बुंदेलखंड में बीडा के माध्यम से देश की सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी विकसित करने जा रहे हैं।

CM Yogi Adityanath Kashi Visit Congress Samajwadi Party Opposition Politics Uttar Pradesh Politics

Recent News