बिहार में अपराधियों की खैर नहीं! सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन प्लान, रात की गश्ती पर जीपीएस से नजर

Mukesh Kumar 28 Nov 2026 10:00 PM 2 Mins
बिहार में अपराधियों की खैर नहीं! सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन प्लान, रात की गश्ती पर जीपीएस से नजर

पटना : बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अपराध, भ्रष्टाचार और सरकारी कार्यों में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। जनहित से जुड़े कार्यों में जवाबदेही तय करते हुए उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय के 'संवाद' सभागार में जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन की अध्यक्षता की। बैठक के पहले दिन गृह, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग, शिक्षा, पथ निर्माण, जल संसाधन, समाज कल्याण और ग्रामीण विकास समेत कई विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीब और कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिले। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने खुफिया एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने के साथ आम लोगों से नियमित फीडबैक लेने और जनता दरबार के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया।

कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रात में होने वाली पुलिस गश्ती की जीपीएस के माध्यम से निगरानी की जाए। फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी स्वयं करें। पुलिस बल की संख्या, संसाधनों और तैनाती की रियल टाइम मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि विवाद कानून-व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसके समाधान के लिए अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सप्ताह में एक बार बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। डीसीएलआर और एडीएम न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भूमि विवादों का समयबद्ध निपटारा हो सके।

उन्होंने सोशल मीडिया पर मिलने वाली जनशिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान, जिला अस्पतालों की रेफरल व्यवस्था और कृषि क्षेत्र की योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने किसानों को नकदी फसलों, एकीकृत कृषि प्रणाली और किसान उत्पादक संगठनों से जोड़ने पर जोर दिया। जिलाधिकारियों को लैंड बैंक विकसित करने और स्थानीय उद्योगपतियों से संवाद कर निवेश एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने का निर्देश दिया।

वहीं, सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट सुधारने, बाढ़ एवं गाद प्रबंधन की कार्ययोजना बनाने और अंतरराज्यीय नदी लिंक परियोजनाओं को आगामी मानसून से पहले पूरा करने की दिशा में तेजी लाने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने की नसीहत देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुशासन, सुरक्षा, न्याय और विकास है। प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित सर्वोपरि रहना चाहिए।

Samrat Choudhary Bihar Government Zero Tolerance Policy Bihar Law and Order Police Administration

Recent News