नई दिल्ली: मौसम विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की पुष्टि की है, जो जल्द ही चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसकी वजह से ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. यह 24 अक्टूबर तक अवदाब (डिप्रेशन) में बदल सकता है. 25 अक्टूबर तक यह गहन अवदाब बनने और 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है.
किन राज्यों में भारी बारिश?
दक्षिण भारत में भी बारिश का अलर्ट जारी है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक और रायलसीमा में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. आज 23 अक्टूबर को दक्षिणी तमिलनाडु में अत्यधिक बारिश का अलर्ट है.
पुडुचेरी में रातभर भारी बारिश हुई है, जिसके कारण निचले इलाकों में जलभराव की खबरें आई हैं. स्थानीय प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. मौसम विभाग ने तटीय इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है.