छतरपुर: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर जमीन विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग का गंभीर आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोढ़ा गांव में यह घटना हुई.
पीड़ित मोतीलाल कुशवाहा (30) ने शालिग्राम गर्ग और उसके तीन साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने और पिस्तौल से फायरिंग करने का आरोप लगाया है. पीड़ित बाल-बाल बचा. पीड़ित का कहना है कि शालिग्राम गांव की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था.
मोतीलाल इस मामले में एक अन्य व्यक्ति के पक्ष में गवाही देने वाला था, जिसके चलते हमला हुआ. पुलिस ने शालिग्राम गर्ग, सतीश, आशीष और एक अन्य आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बाबा बागेश्वर की प्रतिक्रिया
धीरेंद्र शास्त्री ने इस घटना पर स्पष्ट कर दिया कि उनका शालिग्राम से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा, ''मैंने तीन साल पहले ही सार्वजनिक रूप से कह दिया था कि मेरा शालिग्राम से कोई संबंध नहीं है. मेरा अपने परिवार से भी कोई संबंध नहीं है. कानून अपना काम करे, दोषी को सजा मिलनी चाहिए.
मुझे हर मामले में बेवजह न घसीटा जाए.'' बाबा बागेश्वर ने आगे कहा कि पूरा विश्व और समाज उनका परिवार है और वे सनातन, समाज तथा राष्ट्र के लिए जीते हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना बागेश्वर धाम से जुड़े परिवार को लेकर चर्चा में आई है.