वॉशिंगटन: पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बेहद आक्रामक और हैरान करने वाली तस्वीरें साझा की हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान के नक्शे को अपने चेहरे की आउटलाइन (सिलहूट) के आकार में दिखाया है। इस पोस्ट में 'बिफोर' और 'आफ्टर' लिखकर उन्होंने साफ संकेत दिया कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान का नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा। इन पोस्ट्स को तेहरान पर एक नए और भीषण सैन्य हमले की खुली चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।
ट्रंप ने एक एआई-जनरेटेड (AI-generated) तस्वीर भी साझा की, जिसके कैप्शन में उन्होंने 'बाय-बाय खर्ग' लिखा। इस तस्वीर में एक लड़ाकू विमान आग की भीषण लपटों और विस्फोटों से घिरे तेल संयंत्र की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। खर्ग (खार्ग) द्वीप ईरान का सबसे अहम कच्चा तेल निर्यात केंद्र माना जाता है। इस पोस्ट के जरिए ट्रंप ने साफ संदेश दिया कि अमेरिका ईरान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले तेल ठिकानों को निशाना बनाने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने ईरान को एक 'विफल राष्ट्र' करार देते हुए उस पर चौतरफा दबाव बनाने का प्रयास किया है।
ट्रंप ने 'होर्मुज ऑयल वॉल्यूम्स आर बैक' शीर्षक के साथ एक अन्य ग्राफिक भी जारी किया। इसमें ईरान और ओमान के बीच के संकरे समुद्री जलमार्ग का नक्शा दिखाया गया और दावा किया गया कि इस रूट पर तेल का प्रवाह 18 मिलियन बैरल प्रति दिन हो चुका है, जो टकराव से पहले 20 मिलियन बैरल था। ट्रंप पहले भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का नाम बदलकर 'ट्रंप स्ट्रेट' रखने और पिकैक्स माउंटेन पर हमले की बात कह चुके हैं।
इस बीच, अमेरिका के पूर्व रक्षा मंत्री लियोन पेनेटा ने चेतावनी दी है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा यह सैन्य गतिरोध अगले छह महीने और खिंच सकता है। एक साक्षात्कार में पेनेटा ने कहा कि दोनों पक्षों में से कोई भी झुकने को तैयार नहीं है। इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के बाद से शुरू हुआ यह संघर्ष अब मध्य पूर्व में लंबे युद्ध का रूप लेता जा रहा है, जिसे समाप्त करने के लिए ट्रंप प्रशासन के पास बेहद सीमित कूटनीतिक विकल्प बचे हैं।