मेरे चंदन को बचा लीजिए योगी जी…रूस से स्नेहा की गुहार, बोली- कहीं पति को सेना...

Global Bharat 07 Sep 2026 12:32 PM 1 Mins
मेरे चंदन को बचा लीजिए योगी जी…रूस से स्नेहा की गुहार, बोली- कहीं पति को सेना...

जौनपुर: रूस से सामने आए एक वीडियो ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रहने वाले एक परिवार की चिंता बढ़ा दी है. वीडियो में जौनपुर के मछलीशहर की रहने वाली और कानपुर में रह चुकीं स्नेहा गुप्ता अपने पति चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी का दावा करते हुए भारत सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील करती नजर आ रही हैं. स्नेहा के मुताबिक, उनके पति पिछले करीब तीन वर्षों से रूस में रहकर एक भारतीय कंपनी में काम कर रहे हैं और उनके पास वैध वर्क वीजा भी है.

स्नेहा का आरोप है कि रूसी पुलिस ने चंदन गुप्ता को हिरासत में लिया और बाद में जेल भेज दिया. उनका कहना है कि परिवार को अभी तक गिरफ्तारी की स्पष्ट वजह और चंदन की मौजूदा स्थिति की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है, इससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.

वायरल वीडियो में स्नेहा ने आशंका जताई है कि उनके पति को जबरन रूसी सेना में भेजा जा सकता है. हालांकि, इस दावे या आशंका की अभी किसी आधिकारिक एजेंसी की ओर से पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में पूरे मामले की वास्तविक स्थिति आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

स्नेहा ने बताया कि वह अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ रूस में ही रह रही हैं. पति के हिरासत में जाने के बाद उन्हें अपनी और बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता सता रही है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है.

परिवार की मांग है कि चंदन की गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी जाए और यदि उन्हें कानूनी सहायता की जरूरत है, तो भारतीय दूतावास के जरिए मदद उपलब्ध कराई जाए. फिलहाल परिवार को सरकारी हस्तक्षेप और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

Russia Chandan Gupta Sneha Gupta Chandan Gupta Arrest CM Yogi Adityanath Russian Army

Description of the author

Recent News