इंडोनेशिया का अनोखा 'राइस कुकर वाला रिश्ता'
Idonesia Unique Rice Cooker Relationship: सोशल मीडिया पर अजीबोगरीब खबरों की कमी नहीं होती, लेकिन कुछ कहानियां दूसरों से कहीं ज्यादा याद रह जाती हैं. ऐसी ही एक घटना इंडोनेशिया की है, जहां एक युवक ने इंसान की जगह राइस कुकर से शादी कर ली. युवक का नाम खैरुल अनम था. उन्होंने पारंपरिक शादी वाले कपड़े पहने, राइस कुकर को दुल्हन की तरह सजाया-संवारा और पूरी रस्म की तस्वीरें खिंचवाईं. फोटोशूट में दस्तावेजों पर साइन करते हुए की गई तस्वीरें भी शामिल थीं.
जैसे ही ये तस्वीरें इंटरनेट पर आईं, पूरी दुनिया हैरान रह गई. जब लोगों ने पूछा कि आखिर ऐसा करने का क्या कारण है, तो अनाम ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, "ये बहुत आज्ञाकारी है, कभी झगड़ा नहीं करती, चुपचाप रहती है और सबसे बढ़िया बात ये है कि बढ़िया चावल बनाती है." लोगों को ये जवाब इतना पसंद आया कि पोस्ट जल्दी वायरल हो गई. कमेंट्स में हंसी-मजाक का तांता लग गया.
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. शादी के महज चार दिन बाद अनाम ने एक नई पोस्ट डाली. इस बार उन्होंने घोषणा की कि वे राइस कुकर को तलाक दे रहे हैं. वजह भी कम मजेदार नहीं थी. उन्होंने लिखा, "दिक्कत ये है कि ये सिर्फ चावल ही बना सकती है, कोई और खाना नहीं. इसलिए ये रिश्ता नहीं चल सका." ये पोस्ट और भी ज्यादा वायरल हो गई. लोग हैरान थे कि इतनी छोटी शादी और उससे भी छोटा रिश्ता शायद ही पहले किसी ने देखा हो.
वर्ष 2021 की ये घटना आज भी इंटरनेट की सबसे विचित्र और मनोरंजक कहानियों में गिनी जाती है. अनाम का मकसद लोगों को हंसाना ही था, और इसमें वे पूरी तरह कामयाब रहे. एक इंसान और एक राइस कुकर की ये 'शादी-तलाक' वाली कहानी अब भी सोशल मीडिया पर याद की जाती है, सिर्फ इसलिए क्योंकि ये बिल्कुल अनोखी थी.