गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय छात्र की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है. मृतक की पहचान सूर्या प्रताप चौहान के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर पढ़ाई कर रहा था. आरोप है कि असद ने उसे बातचीत के बहाने बुलाया और फिर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
परिजनों के अनुसार, घटना 28 मई की शाम की है. बताया जा रहा है कि सूर्या को उसके परिचितों में शामिल एक युवक ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि हमले से पहले उससे आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सवाल पूछा गया और फिर उस पर कई बार चाकू से वार किए गए.
गंभीर रूप से घायल सूर्या को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया. हालांकि, हालत लगातार नाजुक बनी रही और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल तथा मृतक के घर पहुंचने लगे.
मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. परिवार का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए. वहीं, स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा.