Shenaz Treasury Video : पूर्व अभिनेत्री और ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर शहनाज ट्रेजरी इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त विवादों में घिर गई हैं. श्रीलंका यात्रा के दौरान बनाए गए एक वीडियो में उन्होंने भारत और श्रीलंका की साफ-सफाई की तुलना करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे गंदा देश है. उनके इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया.
वीडियो में शहनाज श्रीलंका के प्रसिद्ध एला रेलवे स्टेशन का जिक्र करती नजर आईं, जहां उन्होंने साफ-सुथरे माहौल और विदेशी पर्यटकों की मौजूदगी की तारीफ की. इसी दौरान उन्होंने भारत में गंदगी, कूड़ा फैलाने की आदत और खराब नागरिक व्यवहार को पर्यटन के लिए बड़ी समस्या बताया. उनका कहना था कि भारत के पास खूबसूरत पर्यटन स्थल होने के बावजूद साफ-सफाई की कमी विदेशी पर्यटकों को प्रभावित करती है.
हालांकि, उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कई यूजर्स ने इसे पूरे देश का अपमान बताते हुए उन्हें एंटी नेशनल तक कह दिया. वहीं कुछ लोगों ने यह भी तर्क दिया कि भारत के कई शहर और पर्यटन स्थल स्वच्छता के मामले में बेहतर उदाहरण पेश करते हैं और पूरे देश को एक ही नजरिए से देखना गलत है.
भारी आलोचना के बावजूद शहनाज अपने बयान पर कायम हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए कहा कि सच्चा देशप्रेम केवल देश की तारीफ करना नहीं, बल्कि उसकी कमियों को स्वीकार कर उन्हें सुधारने की मांग करना भी है. उन्होंने साफ-सफाई, प्रदूषण और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने की समस्या को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि बदलाव के लिए सख्त नियम और बेहतर नागरिक जिम्मेदारी जरूरी है.