उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम को तीखा झटका लगा. खाचरौद क्षेत्र के घिनोदा गांव में एक महिला ने छत से लाल मिर्च पाउडर फेंककर पूरी टीम को भगा दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
क्या हुआ पूरा मामला?
19 मई को खाचरौद तहसील की टीम खाचरौद थाना पुलिस के साथ घिनोदा आबादी क्षेत्र पहुंची थी. मांगीलाल पाटीदार और उनकी पत्नी सजन बाई पर सड़क के हिस्से पर अवैध अतिक्रमण का आरोप था. टीम जब समझाइश दे रही थी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने लगी, तभी सजन बाई घर की छत पर चढ़ गईं. उनके हाथ में लाल मिर्च पाउडर भरी थाली थी. उन्होंने टीम पर मिर्च पाउडर फेंकना शुरू कर दिया.
आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत के कारण अधिकारी और कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले. वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला छत से मिर्च फेंक रही हैं और नीचे वाले लोग हाथों से आंखें बचाते हुए भाग रहे हैं. घटना के बाद तहसील सचिव चंद्रभान सिंह ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
खाचरौद थाना पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है. अतिक्रमण अभी भी नहीं हटाया जा सका है. इस शिकायत पर जनवरी 2026 में ही अतिक्रमण हटाने के आदेश हो चुके थे, लेकिन 4 महीने बाद कार्रवाई करने पहुंची टीम को यह तीखा स्वागत मिला.