सीएम सम्राट चौधरी को गाली देने के आरोप में गिरफ्तार हुआ मगही गायक

Amanat Ansari 27 May 2026 03:58: PM 1 Mins
सीएम सम्राट चौधरी को गाली देने के आरोप में गिरफ्तार हुआ मगही गायक

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले मगही गायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान चुन्नू लाल यादव उर्फ निर्भय कुमार के रूप में हुई है. यह घटना जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना अंतर्गत श्रीपुर गांव की है. गायक द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसमें वह मुख्यमंत्री के खिलाफ गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणियां करते दिख रहे थे.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद पटना साइबर थाने की टीम ने स्वतः संज्ञान लिया और मामला दर्ज कर लिया. पुलिस ने मुख्यमंत्री की छवि और गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए तुरंत जांच शुरू की. तकनीकी मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई, जो उसके पैतृक गांव श्रीपुर में ही था.

इसके बाद पटना साइबर थाना और जहानाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

एसडीपीओ का बयान

घोसी की एसडीपीओ कृति कमल ने बताया कि वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री थी, जो कानून-व्यवस्था और सामाजिक मर्यादा के विरुद्ध है. इस आधार पर पटना साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किस उद्देश्य से बनाया गया था और इसमें कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है. पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है.

Magahi Singer Arrested CM Samrat Chaudhary Bihar Political News Bihar Crime

Recent News