क्या बॉलीवुड में अब सिर्फ खान तिकड़ी, कपूर परिवार और कुछ चुनिंदा सितारों के लिए ही जगह बची है? बड़ी सुपरहिट फिल्म देकर बॉयकॉट बॉलीवुड ट्रेंड को लगभग खत्म करने वाले रणवीर सिंह अब खुद इंडस्ट्री में मुश्किलों से घिरते नजर आ रहे हैं। खबर है कि उन्हें बॉलीवुड में बैन कर दिया गया है, जिसकी वजह से आने वाले समय में उनकी फिल्मों की शूटिंग तक प्रभावित हो सकती है।
मामला FWICE यानी फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयज से जुड़ा है। सामने आए एक लेटर में दावा किया गया कि रणवीर सिंह ने आखिरी समय में ‘डॉन 3’ फिल्म छोड़ दी, जिससे फिल्म निर्माता फरहान अख्तर को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। शिकायत मिलने के बाद FWICE ने रणवीर सिंह को तीन बार नोटिस भेजा, लेकिन वह पेश नहीं हुए। इसके बाद संगठन ने उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया।
हालांकि रणवीर सिंह की टीम की ओर से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि अभिनेता ने पूरे विवाद पर चुप रहना बेहतर समझा। उनका मानना है कि काम और रिश्तों से जुड़े मामलों को गरिमा और सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए।
इसी बीच रणवीर सिंह एक और विवाद में घिर गए। कांतारा फिल्म को लेकर कथित टिप्पणी के बाद मामला कोर्ट तक पहुंच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक हाईकोर्ट ने उन्हें चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर माफी मांगने को कहा, जिसके बाद रणवीर की हाथ जोड़कर तस्वीरें भी सामने आईं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि FWICE के फैसले का रणवीर सिंह के करियर पर कितना असर पड़ेगा। रणवीर की आने वाली फिल्मों में ‘किंग’ में स्पेशल कैमियो, आदित्य धर का बड़ा प्रोजेक्ट, कियारा आडवाणी के साथ नई फिल्म और संजय लीला भंसाली की ‘बैजू बावरा’ शामिल बताई जा रही हैं।
लेकिन इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि फिल्म शूटिंग में काम करने वाले ज्यादातर टेक्नीशियन, जूनियर आर्टिस्ट और क्रू मेंबर्स FWICE से जुड़े होते हैं। ऐसे में अगर विवाद लंबा खिंचता है तो कई प्रोजेक्ट प्रभावित हो सकते हैं।
हालांकि बॉलीवुड में पहले भी ऐसे विवाद सामने आते रहे हैं। अभिनेता चंकी पांडे ने भी एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें भी कभी कुछ समय के लिए बैन किया गया था, लेकिन बाद में माफी और बातचीत के जरिए मामला सुलझ गया था।
अब देखना होगा कि रणवीर सिंह इस पूरे विवाद को कैसे संभालते हैं और क्या आने वाले दिनों में FWICE और अभिनेता के बीच समझौते की कोई राह निकलती है या नहीं।