कोलकाता: पश्चिम बंगाल में एक दिलचस्प घटनाक्रम सामने आया है. विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर हाथ में बंदूक लेकर "नई जिम्मेदारी के लिए तैयार..." वाला पोस्ट करने पर सस्पेंड किए गए इंस्पेक्टर गौतम दास को अब शुभेंदु सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है.
क्या था पूरा मामला?
गौतम दास उस समय कालीघाट पुलिस स्टेशन के ओसी (Officer-in-Charge) थे. ममता बनर्जी के आवास वाले इलाके में तैनात इस अधिकारी ने सोशल मीडिया पर राइफल/बंदूक के साथ फोटो पोस्ट कर विवाद खड़ा कर दिया. चुनाव आयोग ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने इंस्पेक्टर गौतम दास को नबन्ना (Nabanna) स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में डेपुटेशन पर तैनात करने की मंजूरी दे दी है. अगले आदेश तक वे सीएम ऑफिस में ही रहेंगे.
उनकी सीनियरिटी भी मूल पुलिस बल में बरकरार रहेगी, जिसका फायदा प्रमोशन और करियर में मिलेगा. कोलकाता पुलिस कमिश्नर को उन्हें रिलीज करने का निर्देश दिया गया है. यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल की सियासी हलचल के बीच काफी चर्चा में है, खासकर हालिया चुनावी नतीजों और सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच.