पश्चिम बंगाल : कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास स्थित करीब 136 साल पुरानी बांकरा मस्जिद को हटाने के प्रस्ताव पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. यह मस्जिद एयरपोर्ट के रनवे के नजदीक स्थित है और वर्षों से स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लिए धार्मिक आस्था का केंद्र रही है.
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और प्रशासन का कहना है कि रनवे के आसपास सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और भविष्य में एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को ध्यान में रखते हुए इस मस्जिद को दूसरी जगह स्थानांतरित करना जरूरी है. अधिकारियों के मुताबिक, विमान संचालन और सुरक्षा नियमों के तहत रनवे के बेहद करीब किसी भी स्थायी ढांचे को जोखिम माना जाता है.
मस्जिद ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है. समिति का कहना है कि मस्जिद 19वीं सदी के आखिर में स्थापित हुई थी और यह केवल धार्मिक स्थल नहीं बल्कि इलाके की ऐतिहासिक धरोहर भी है. कमेटी के सदस्यों का आरोप है कि प्रशासन बिना पर्याप्त बातचीत और वैकल्पिक व्यवस्था के मस्जिद हटाने का दबाव बना रहा है.
मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है. कई अल्पसंख्यक संगठनों और स्थानीय नेताओं ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है. वहीं, दूसरी ओर, कुछ संगठनों का कहना है कि एयरपोर्ट सुरक्षा और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. फिलहाल प्रशासन और मस्जिद समिति के बीच बातचीत जारी है. हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद यह मुद्दा कानूनी और राजनीतिक रूप से आने वाले दिनों में और गरमा सकता है.