लख़नऊ : कानपुर की बकरा मंडी में मंगलवार देर रात हुए विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया, जब सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के गनर पर मंडी संचालक वफा अब्बास के साथ मारपीट का आरोप लगा. पटकापुर निवासी वफा अब्बास ने पूरे घटनाक्रम का बयान देते हुए कहा कि उन्होंने केवल सुरक्षा के लिहाज से गनर को थोड़ा किनारे खड़े होने के लिए कहा था, क्योंकि मंडी में लगातार गाड़ियां और जानवर आ-जा रहे थे.
वफा अब्बास के मुताबिक, उनकी इस बात पर गनर भड़क गया और पहले उन्हें धक्का दिया, फिर थप्पड़ मार दिया. उन्होंने दावा किया कि जब उनके साथ मौजूद लोगों ने विरोध किया तो गनर ने दोबारा थप्पड़ जड़ दिया. इस दौरान पूर्व विधायक इरफान सोलंकी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया. वफा अब्बास ने आरोप लगाया कि इरफान सोलंकी पूरे घटनाक्रम के दौरान तमाशबीन बने रहे.
उनका कहना है कि यदि पूर्व विधायक निष्पक्ष तरीके से दोनों पक्षों को शांत करा देते तो मामला इतना नहीं बढ़ता. वफा के अनुसार, इरफान सोलंकी ने उन्हें घूरते हुए कहा, तुझे मैंने स्कैन कर लिया है, मेरी आंखों में तू बस गया है.
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बताया जा रहा है. वफा अब्बास ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि उन्हें भविष्य में किसी बड़े खतरे का डर है. उन्होंने बयान में यह भी कहा कि क्या पता अखिलेश यादव की सत्ता आने पर मुझे मरवा दिया जाए. फिलहाल मामले को लेकर पुलिस स्तर पर जांच और दोनों पक्षों से पूछताछ की चर्चा है. मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. हालांकि, घटना पर इरफान सोलंकी या उनकी टीम की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.