Kolkata Red Light Road : पश्चिम बंगाल में इस बार ईद की तस्वीर बदली-बदली नजर आई. राज्य में बीजेपी सरकार बनने और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सख्ती के बाद पहली बार कोलकाता की ऐतिहासिक रेड रोड पर ईद की मुख्य नमाज नहीं हुई. सरकार ने नमाज के आयोजन को रेड रोड से हटाकर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शिफ्ट कर दिया. प्रशासन ने इसके पीछे ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और आपात सेवाओं को सुचारु बनाए रखने की दलील दी है.
सरकार का कहना है कि रेड रोड शहर की सबसे अहम सड़कों में शामिल है, जहां से वीआईपी मूवमेंट, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और कई जरूरी सेवाओं की आवाजाही होती है. हर साल ईद की नमाज के दौरान लंबे ट्रैफिक जाम और रूट डायवर्जन की वजह से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी. इसी को देखते हुए इस बार प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए आयोजन स्थल बदल दिया.
बीजेपी नेताओं ने इसे कानून सबके लिए बराबर की नीति बताया है. उनका कहना है कि सार्वजनिक सड़कों को घंटों तक बंद कर धार्मिक आयोजन करना उचित नहीं है और नई सरकार ने इसी सोच के तहत फैसला लिया. वहीं विपक्षी दलों ने इस कदम को राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया है.
हालांकि प्रशासन का दावा है कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नमाज के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है, जहां श्रद्धालुओं को ज्यादा जगह, पार्किंग और सुरक्षा सुविधाएं की गई थी, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को बीजेपी सरकार की सख्त प्रशासनिक नीति के तौर पर देखा जा रहा है.