Bangladesh Donald Trump Buffalo : बांग्लादेश में “डोनाल्ड ट्रम्प” नाम से मशहूर एक सफेद भैंसे की ईद-उल-अजहा पर होने वाली कुर्बानी को प्रशासन ने रोक दिया है. यह भैंसा अपने अनोखे रंग, विशाल शरीर और अलग पहचान की वजह से पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ था. जानकारी के अनुसार, 700 किलो वजनी इस भैंसे को कुर्बानी के लिए 3.85 लाख टका यानी करीब 3 लाख रुपये में बेचा गया था. इसकी कीमत 550 टका प्रति किलोग्राम तय की गई थी.
भैंसे के मालिक ने बताया कि “डोनाल्ड ट्रम्प” नाम उसकी सफेद चमड़ी और रौबदार अंदाज को देखते हुए रखा गया था. सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही थीं और लोग इसे देखने के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे थे.
मामला तब बड़ा बन गया जब गृह मंत्रालय ने अचानक इसकी कुर्बानी पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया. प्रशासन का कहना है कि भैंसे को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता और भीड़ बढ़ रही थी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी. आदेश के बाद स्थानीय प्रशासन ने भैंसे की निगरानी बढ़ा दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कुर्बानी पर रोक स्थायी है या केवल सुरक्षा कारणों से अस्थायी फैसला लिया गया है.