ED Raids CM Pinarayi Vijayan Residence: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को केरल में बड़े पैमाने पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विपक्षी नेता पिनाराई विजयन का तिरुवनंतपुरम स्थित किराए का घर भी शामिल है. ED की यह तलाशी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हो रही है, जिसमें विजयन की बेटी वीणा थैक्कंडियिल की आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस का नाम जुड़ा हुआ है. सूत्रों के अनुसार, कंपनी को बिना कोई सेवा दिए कथित तौर पर भुगतान किए जाने के आरोपों की जांच चल रही है.
हाईकोर्ट का फैसला
यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही केरल हाईकोर्ट ने CMRL मामले में ED की जांच को रद्द करने की याचिका खारिज कर दी थी. कोर्ट के इस फैसले को कंपनी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि मामले में पिनाराई विजयन का नाम सीधे तौर पर नहीं आया है, लेकिन उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान यह मुद्दा केरल की राजनीति में बेहद संवेदनशील और विवादास्पद बन गया था. विपक्षी दलों ने विजयन परिवार पर संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के आरोप लगाए थे.
CMRL और उसके अधिकारियों ने हाईकोर्ट में दलील दी थी कि ED के पास इस मामले की जांच का अधिकार क्षेत्र नहीं है, क्योंकि PMLA के तहत कोई अनुसूचित अपराध साबित नहीं हुआ. ED की जांच के अलावा SFIO (Serious Fraud Investigation Office) भी इस मामले की अलग से जांच कर रहा है. इससे पहले कंपनी के तीन अधिकारियों ने ED पूछताछ के दौरान अवैध हिरासत का आरोप लगाया था, जिसके बाद हाईकोर्ट ने ED को CCTV फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए थे.
केरल में बढ़ा राजनीतिक तनाव
इस ED कार्रवाई से केरल की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है. इसी बीच मंगलवार को एक और घटनाक्रम सामने आया, जब नवा केरल यात्रा हमले के मामले में विजयन की सुरक्षा में तैनात पांच पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया. SIT की रिपोर्ट में इन अधिकारियों पर अलाप्पुझा में यूथ कांग्रेस और KSU कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-कानूनी बल प्रयोग का आरोप पाया गया था.