उत्तर प्रदेश में अन्ना जानवरों के हमले की खबर आए दिन आती रहती है, इसमें कई लोगों की जान भी जा रही है. बदायूं में तो आवारा गोवंशीय पशुओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. जिले में जहां-तहां आवारा सांड के हमलों से लोगों की जानें जा रही है. लेकिन जिम्मेदारों के कानों में जूं तक नहीं रेंगती, बस हर मौत के बाद अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं.
वहीं जिले में आवारा सांड के हमलों से एक के बाद एक लोगों की जानें जाने का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा है. ताजा मामला मंगलवार जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पिंदरा से सामने आया है. यहां गांव के रहने वाले बुजुर्ग महाराम सिंह पैदल निकटवर्ती नगर बिसौली दवा लेने के लिए डॉक्टर के यहां जा रहे थे.
गांव से नगर की दूरी लगभग एक किलोमीटर के आसपास थी. इस दौरान रोड़ पर खड़ा आवारा सांड उन्हें देखकर बिगड़ गया. इससे पहले बुजुर्ग कुछ समझ पाते कि सांड ने हमला बोल दिया और पटक-पटक कर बुजुर्ग का पेट फाड़ दिया.
इधर रोड़ से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना परिवार के लोगों को दी और बुजुर्ग को बचाने के प्रयास शुरू कर दिए. किसी तरह सांड को भगाया और गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में नजदीकी सीएचसी ले जाया गया. जहां से डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया.
वहीं मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया. फिलाल बुजुर्ग के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. वहीं बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.