Falta Bypoll : पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदला हुआ नजर आया. जिस इलाके में कभी तृणमूल कांग्रेस के झंडे और कार्यकर्ताओं की हलचल दिखाई देती थी, वहां मतदान के दिन सन्नाटा देखने को मिला. स्थानीय लोगों के मुताबिक, टीएमसी के कई सक्रिय कार्यकर्ता बूथों और पार्टी कार्यालयों से दूर रहे, जबकि कुछ दफ्तर पूरे दिन बंद पड़े रहे.
सबसे ज्यादा चर्चा जहांगीर नाम के उस स्थानीय नेता के घर की रही, जिसे इलाके में टीएमसी का मजबूत चेहरा माना जाता था. मतदान के दिन उसके घर पर ताला लटका मिला. विपक्ष ने इसे टीएमसी संगठन की कमजोरी और अंदरूनी डर का संकेत बताया. भाजपा नेताओं का दावा है कि जनता के बढ़ते विरोध और केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई के बाद कई कार्यकर्ता खुलकर सामने आने से बच रहे हैं.
वहीं टीएमसी की ओर से कहा गया कि विपक्ष माहौल को गलत तरीके से पेश कर रहा है. पार्टी नेताओं का दावा है कि कार्यकर्ता बूथ प्रबंधन और अंदरूनी रणनीति में व्यस्त थे, इसलिए सड़क पर भीड़ कम दिखाई दी. हालांकि, मतदान के बीच फाल्टा सीट से जो तस्वीरें सामने आईं, उन्होंने बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है.